चीन ने भारत से अनुरोध किया है कि भारत तुरंत अपनी ग़लत हरकतों को सुधारे और जल्द से जल्द चीनी सेना से उलझना बंद करे। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन ने साथ ही कहा कि हाल ही में भारत-चीन वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर हुए संघर्ष के लिए भारत ज़िम्मेदार है।
चीन की सत्ताधारी पार्टी के अख़बार ग्लोबल टाइम्स के अनुसार विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, “पहले भारत ने द्विपक्षीय सहमतियों का उल्लंघन किया, उन्होंने अवैध तरीक़े से सीमा पार कर उकसाया, सीमा क्षेत्र में यथास्थिति को एकतरफ़ा कार्रवाई करते हुए बदला, और चीनी सैनिकों को धमकाने के लिए गोलियाँ चलाईं”।
चीन के इस बयान से एक दिन पहले भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संसद में भारत-चीन तनाव पर बयान देते हुए चीन पर सीमा के उल्लंघन का आरोप लगाया था।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को भारत-चीन गतिरोध को लेकर संसद में बयान दिया था। उन्होंने अप्रैल से लेकर अब तक की घटनाओं के बारे में जानकारी दी थी और चीन पर पिछले समझौतों के उल्लंघन का आरोप लगाया था।
साथ ही उन्होंने कहा था कि किसी को भी हमारी सीमा सुरक्षा के प्रति हमारे दृढ़ निश्चय को लेकर संदेह नहीं होना चाहिए। भारत यह भी मानता है कि पड़ोसियों के साथ शांतिपूर्ण संबंधों के लिए आपसी सम्मान और संवेदनशीलता आवश्यक हैं।
हालाँकि, राजनाथ सिंह ने साफ़ तौर पर कहा था कि सीमा पर तनाव का द्विपक्षीय संबंधों पर असर पड़ेगा। भारत सरकार ने चीन से तनाव के बाद कई चीनी ऐप पर प्रतिबंध भी लगा दिया है।
बता दें कि भारत और चीन के बीच लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा के पास पिछले चार महीने से टकराव की स्थिति बनी हुई है।